एच.पी.वी. वैक्सीन का समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो तथा हेल्थ कैंप में निशुल्क हो रहा आयोजन
गोण्डा - 14 वर्षीय पात्र बालिकाओं को एच.पी.वी. वैक्सीन से आच्छादित कर सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं उनके सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में देवीपाटन मण्डल ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के प्रभावी अनुश्रवण, नियमित समीक्षा एवं अधिकारियों के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप मण्डल में अब तक 80 प्रतिशत पात्र बालिकाओं का एच.पी.वी. टीकाकरण किया जा चुका है। अभियान की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार के साथ देवीपाटन मण्डल की प्रदेश स्तरीय रैंक 15वें स्थान से बढ़कर 6वें स्थान पर पहुंच गई है।
राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में देवीपाटन मण्डल के चारों जनपदों—गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच एवं श्रावस्ती—में 17 सितम्बर 2026 तक एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत उन 14 वर्षीय पात्र बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा रही है, जिनका 14वां जन्मदिन हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी शेष है।
08 सितम्बर 2026 तक जनपदवार उपलब्धि के अनुसार गोण्डा में 74 प्रतिशत, बलरामपुर में 78 प्रतिशत, बहराइच में 84 प्रतिशत तथा श्रावस्ती में 84 प्रतिशत पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इस प्रकार मण्डल की कुल उपलब्धि 80 प्रतिशत है।
नियमित समीक्षा से अभियान को मिली गति
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा 31 जुलाई 2026 को अभियान की समीक्षा के दौरान देवीपाटन मण्डल की प्रदेश स्तरीय रैंक 15वें स्थान पर होने पर संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों का समन्वय सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंच बनाने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में अभियान की निरंतर समीक्षा, क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी तथा जनजागरूकता गतिविधियों को गति दी गई। आशा कार्यकत्रियों, मोबिलाइजर एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर संपर्क कर पात्र बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एच.पी.वी. टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मण्डलायुक्त ने की अभिभावकों से अपील
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मण्डल के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय पात्र बालिकाओं का एच.पी.वी. टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभिभावक किसी भी भ्रम या भ्रांति में न रहें तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करते हुए अपनी पात्र बालिकाओं को एच.पी.वी. वैक्सीन लगवाएं।
उन्होंने अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों से भी अपील की कि 17 सितम्बर तक अभियान को पूरी गति के साथ संचालित करते हुए एक भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर संपर्क, जनजागरूकता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
इस वैक्सीन का जनपद स्तरीय चिकित्सालय में समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा हेल्थ कैंप पर निशुल्क लगवाया जा सकता है
शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य
मण्डल प्रशासन द्वारा 17 सितम्बर 2026 तक शत-प्रतिशत पात्र बालिकाओं को एच.पी.वी. वैक्सीन से आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को और गति देने तथा प्रत्येक पात्र बालिका तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
देवीपाटन मण्डल की यह उपलब्धि बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
“सुरक्षित बालिका—स्वस्थ समाज, एच.पी.वी. टीकाकरण से सुरक्षित भविष्य।”
No comments:
Post a Comment