बीएसए ने एफएलएन प्रशिक्षण का निरीक्षण कर शिक्षकों को दिये निर्देश
जरवल रोड (बहराइच)। ब्लॉक संसाधन केंद्र, जरवल रोड में चल रहे पाँच दिवसीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) प्रशिक्षण 3.0 का मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आशीष कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, सत्रों की गुणवत्ता और शिक्षकों की भागीदारी का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।बीएसए ने प्रशिक्षण में उपस्थित शिक्षकों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया और उनसे संदर्शिका की समझ तथा आकलन के आधार पर बच्चों की सीखने की आवश्यकताओं की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों की मजबूत शैक्षिक नींव के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों को कक्षा में प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए। बीएसए ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें FLN पर विशेष बल दे रही हैं और इसका मुख्य उद्देश्य कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणितीय कौशल विकसित करना है।
प्रशिक्षण सत्रों में संदर्भदाताओं (ARP/प्रशिक्षक) द्वारा NCERT की नई पाठ्यपुस्तकें के आधार पर भाषा और गणित शिक्षण की नवीन विधियों पर विस्तृत जानकारी दी गई। शिक्षकों को टीचिंग-लर्निंग मटेरियल (TLM), डिजिटल टूल्स, गतिविधि-आधारित शिक्षण, मापन, आकार-आकृति तथा व्यावहारिक मूल्यांकन तकनीकों के प्रभावी उपयोग की प्रशिक्षण में संरचित ट्रेनिंग दी गई।निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अरविंद बहादुर सिंह, संदर्भदाता एआरपी अभिषेक श्रीवास्तव, विनय शुक्ल, सनत तिवारी, विनय सिंह, विनय श्रीवास्तव तथा ब्लॉक संसाधन केंद्र के अन्य कर्मचारी और प्रशिक्षु शिक्षक भी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment