Aug 17, 2026

बहराइच: पीडब्ल्यूडी की लापरवाही बनी हादसे की वजह, गड्ढे में टकराई कार, महिला घायल



"हुजूरपुर से 2 किमी पहले सड़क पर 4 फीट ऊंचा मिट्टी का ढेर, कोई संकेतक नहीं"

गोण्डा,बहराइच/हुजूरपुर। पीडब्ल्यूडी की घोर लापरवाही के चलते शनिवार 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे हुजूरपुर- बहराइच मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर बिना किसी बैरिकेड और संकेतक के छोड़े गए 4 फीट ऊंचे मिट्टी के ढेर से टकराकर एक कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम छतौरा पोस्ट मलौना निवासी पीड़ित दीपक मौर्य पुत्र श्रीचंद्र मौर्य, अपनी कार से बहराइच जा रहे थे। उन्होंने बताया हुजूरपुर से करीब 2 किमी पहले मुख्य सड़क पर पीडब्ल्यूडी द्वारा गड्ढा खोदकर मिट्टी का ढेर लगा दिया गया था। रात का समय था और वहां न तो कोई लाइट थी, न ही कोई बैरिकेड या रिफ्लेक्टर। अचानक सामने ढेर आने से कार सीधे टकरा गई।" टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में बैठी एक महिला को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद दीपक मौर्य ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को स्थानीय थाना हुजूरपुर के सुपुर्द कर दिया।

थाने में दी तहरीर, जांच की मांग

रविवार को दीपक मौर्य ने थानाध्यक्ष हुजूरपुर में शिकायती पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।

ग्रामीणों में आक्रोश

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि हुजूरपुर-बहराइच मार्ग पर पीडब्ल्यूडी अक्सर बिना बैरिकेड के काम छोड़ देता है जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।

No comments: