Aug 11, 2026

स्कूल वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान जारी, आज भी 4 वाहन सीज



खोरहंसा, दर्जीकुआं, वजीरगंज, मुन्नन खां चौराहा व सर्कुलर रोड पर हुई कार्रवाई


गोण्डा - शासन के निर्देशों एवं जिला प्रशासन के आदेश के अनुपालन में जनपद में स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा खोरहंसा, दर्जीकुआं, वजीरगंज, मुन्नन खां चौराहा, सर्कुलर रोड सहित विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में फिटनेस फेल, परमिट फेल एवं अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 04 स्कूल वाहनों को सीज किया गया। संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान अधिकारियों द्वारा स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि बच्चों के आवागमन में प्रयुक्त होने वाले सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस वैध एवं अद्यतन होनी चाहिए। वाहनों का परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक अभिलेख पूर्ण एवं वैध रखे जाएं। किसी भी दशा में अनफिट अथवा परमिट फेल वाहन का संचालन न किया जाए।


11 से 25 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, अनफिट व परमिट फेल वाहनों पर होगी कड़ी कार्रवाई


शासन के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन के आदेश के क्रम में 11 अगस्त 2026 से 25 अगस्त 2026 तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न मार्गों, प्रमुख चौराहों एवं अन्य स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की जाएगी।
विशेष रूप से अनफिट, परमिट फेल एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे वाहनों को नियमानुसार सीज किया जाएगा। अधिकारियों ने सभी स्कूल प्रबंधकों एवं वाहन संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य समस्त आवश्यक दस्तावेजों को दुरुस्त रखें और वाहन को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित करें।
अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालक अभियान के दौरान सहयोग प्रदान करें तथा बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन नियमों का पूरी तरह पालन करें।

No comments: