मेडिकल कॉलेज बहराइच ने रचा नया इतिहास, पहली बार दूरबीन तकनीक से सफल ऑपरेशन
बहराइच। महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय, बहराइच ने चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग ने पहली बार अत्याधुनिक दूरबीन (लेप्रोस्कोपिक) तकनीक से सफल ऑपरेशन कर मरीज को नई जिंदगी दी।लखीमपुर निवासी 27 वर्षीय ऋचा मिश्रा, जो लंबे समय से गॉलब्लैडर (पित्ताशय) में पथरी की समस्या से पीड़ित थीं, का सफल ऑपरेशन सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. अमित श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक के माध्यम से किया।डॉ. अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज के गॉलब्लैडर में पथरी होने के कारण इस आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया। इस विधि में बड़ा चीरा लगाने की आवश्यकता नहीं होती, जिससे मरीज को कम दर्द होता है, संक्रमण का खतरा घटता है और रिकवरी भी तेजी से होती है। मरीज को कम समय में अस्पताल से छुट्टी मिल जाती है। उन्होंने बताया कि इसी तकनीक से अपेंडिक्स, हर्निया तथा गर्भाशय (यूटेरस) से संबंधित ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं।इस सफल ऑपरेशन में डॉ. राहुल, डॉ. बृजेश, डॉ. दिवाकर एवं डॉ. राजदीप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. आशीष एवं डॉ. हिले ने अपना सहयोग प्रदान किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. (प्रो.) संजय खत्री ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग कर मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली, सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की उपलब्धियां मेडिकल कॉलेज को प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करेंगी।


No comments:
Post a Comment