गन्ना बंधाई से मिलेगा उत्पादन में बड़ा इजाफा: पारले के संजीव राठी
बहराइच/कैसरगंज,-गौड़हिया ग्राम सभा में पारले कंपनी के उप मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने कहा कि इस वर्ष गन्ना फसल पिछले वर्ष की तुलना में काफी अच्छी है, इसलिए गन्ना गिरने से बचाने के लिए समय पर सही तरीके से बंधाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि अगस्त और सितम्बर के माह में तीन बार बंधाई जरूर करें, ताकि पैदावार में वृद्धि हो और नुकसान कम हो।राठी ने बंधाई की विधि पर चरणवार जानकारी देते हुए बताया कि जब गन्ने की बढ़वार लगभग 6–7 फीट हो जाए तो पहली बंधाई जमीन की सतह से 2.5–3 फीट ऊँचाई पर निचली सूखी पत्तियों से एकल लाइन में करें। दूसरी बंधाई तब करें जब बढ़वार 7–8 फीट हो और यह पहली बंधाई से लगभग 1.5 फीट ऊपर होनी चाहिए। तीसरी बंधाई तब करें जब गन्ने की बढ़वार 9–10 फीट हो इस समय सामने वाली दोनों लाइनों में कैंची नुमा बंधाई करना चाहिए।उन्होंने कहा कि सही बंधाई से सिर्फ गन्ना गिरने पर रोक नहीं लगती, बल्कि सियार और चूहों का नुकसान भी कम होता है, बीज (नर्सिंग हेतु कटिंग) बेहतर मिलता है और छिलाई-कटाई का खर्च भी घटता है। राठी ने किसानों से शत-प्रतिशत बंधाई करने का आग्रह किया ताकि तेज़ हवाओं व बरसात के दौरान फसल सुरक्षित रहे और उत्पादन प्रभावित न हो।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और पारले के अन्य अधिकारी दीपक व हरिगोविंद भी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment