गोण्डा - गोंडा जिले के कोतवाली कर्नलगंज अंतर्गत एक ग्रामीण ने वन विभाग के कर्मचारी पर रिश्वत लेने के बावजूद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई किये जाने की मांग की है। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा दोषी वनकर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
प्रकरण कोतवाली कर्नलगंज अंतर्गत ग्राम बसेहिया धौरहरा बलिदान पुरवा से जुड़ा है। यहां के निवासी अलखराम ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से आन लाइन शिकायत किया है। पीड़ित ने बताया की वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। सरकार द्वारा छूट प्राप्त वृक्षों की कटान का कार्य करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। फिर भी वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बिना रिश्वत लिए छूट के वृक्ष भी नहीं काटने देते हैं। शिकायत के अनुसार ग्राम कटरा शहबाजपुर के मजरा रन्नू पुरवा निवासी एक व्यक्ति ने अपने खेत की मेड़ पर लगे एक भिलोर के वृक्ष को 3000 रूपये में उसके हाथ बेचने की सहमति दी।
वृक्ष खरीदने से पहले उसने वन विभाग के एक जिम्मेदार कर्मचारी को पूरे मामले की जानकारी दी। आरोप है कि वनकर्मी ने वृक्ष कटान की अनुमति देने के एवज में उससे 2000 की मांग की, जिसकी रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है। वन कर्मी को उसने 2000 रूपये देकर वृक्ष कटवा लिया। पीड़ित का आरोप है की रिश्वत लेने के बावजूद वनकर्मी ने उसके विरुद्ध कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर देकर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवा दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कार्रवाई अन्यायपूर्ण है और उसे जानबूझ कर फंसाया गया है। पीड़ित ने पत्र के माध्यम से अधिकारियों से मांग किया है कि उसके और वनकर्मी के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग की जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित वनकर्मी के विरुद्ध भ्रष्टाचार और अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाकर विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे की भी निष्पक्ष समीक्षा कर न्याय दिलाया जाए। वनकर्मी सुखदेव यादव ने बताया की शिकायत निराधार है। उन्होंने दो हजार रूपये अलखराम को उधार दिये थे उसी को वापस लिया है। रेंज ऑफिसर बद्री प्रसाद चौहान से वार्ता की गयी तो वह वन कर्मी का बचाव करते दिखे। उन्होंने कहा की मैंने रिकर्डिंग सुनी है उसने सड़क के किनारे का वृक्ष काट लिया है इस लिए उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है।
No comments:
Post a Comment