डीएम की अध्यक्षता में नवयुग पालिका कार्ययोजना की बैठक सम्पन्न
बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में नवयुग पालिका कार्ययोजना की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की विभिन्न विकास योजनाओं तथा नगर विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्य उद्देश्य आगामी वर्ष की कार्ययोजनाओं को अंतिम रूप देना और लंबित प्रस्तावों पर आवश्यक निर्णय लेना था।बैठक में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना तथा मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के प्रस्तावों पर समीक्षा कर उन्हें पोर्टल पर अपलोड करने और स्वीकृति प्रक्रियाओं को त्वरित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा वंदन योजना के लिए 2026-27 के प्रस्ताव प्रस्तुत करने और 15वें वित्त आयोग के टाइड एवं अनटाइड ग्रांट (वर्ष 2025-26) के शेष प्रस्तावों, 14वें वित्त आयोग के लंबित प्रस्तावों तथा अतिरिक्त स्टाम्प शुल्क से प्राप्त धनराशि के उपयोग संबंधी मुद्दों को एजेंडे में शामिल करने पर भी चर्चा हुई।सभी नगर सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए बैठक में ए.बी.सी. सेंटर एवं एम.आर.एफ. सेंटर की स्थापना एवं संचालन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह की वर्तमान स्थिति, आगामी मानसून से पूर्व नालों-नालियों की सफाई और गौशाला के सुचारु संचालन पर विस्तार से निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।इस अवसर पर व्यापर मंडल के पदाधिकारी कुल भूषण अरोड़ा, विनोद अग्रवाल, दीपक सोनी दाऊ जी, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, ईओ नगर पालिका परिषद प्रमिता सिंह, नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment