मेडिकल कॉलेज बहराइच में मण्डल में पहली बार दूरबीन विधि से बैंकर्ट रिपेयर सर्जरी सफल
बहराइच। महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग ने मण्डल में पहली बार शोल्डर आर्थ्रोस्कोपी (दूरबीन विधि) द्वारा कंधे के जोड़ की बैंकर्ट रिपेयर सर्जरी सफलतापूर्वक की है। 38 वर्षीय मरीज, जो लंबे समय से कंधे के बार-बार अस्थिर होने की समस्या से पीड़ित था, का ऑपरेशन आधुनिक आर्थ्रोस्कोपिक तकनीक से किया गया। मरीज का नाम गोपनीय रखा गया है और उसकी हालत पोस्ट-ऑपरेशन लगातार सुधर रही है।
अस्थि रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. (प्रो.) मिथिलेश कुमार ने बताया कि बैंकर्ट चोट के कारण कंधे का जोड़ बार-बार खिसकने लगता है; आर्थ्रोस्कोपी में छोटे छिद्रों से कैमरा और विशेष उपकरणों के माध्यम से सर्जरी की जाती है, जिससे रोगी को कम दर्द, तेज़ रिकवरी और बेहतर नतीजे मिलते हैं। इस सफल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. आशीष और अस्थि रोग टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. (प्रो.) संजय खत्री ने अस्थि रोग विभाग और ऑपरेशन टीम को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय लगातार अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रहा है और भविष्य में भी ऐसी जटिल सर्जरियाँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बहराइच और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए उच्चस्तरीय स्थानीय उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।


No comments:
Post a Comment