Jul 15, 2026

ऑपरेशन रक्षा अभियान के तहत स्पा सेंटर, मसाज पार्लर एवं होटलों में चलाया गया मानव तस्करी रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान


उत्तर प्रदेश शासन एवं अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार बच्चों के विरुद्ध दुर्व्यवहार संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद गोण्डा में दिनांक 10 जुलाई से 24 जुलाई, 2026 तक 15 दिवसीय "ऑपरेशन रक्षा" विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
 जिसके क्रम में आज दिनांक 15.07.2026 को थाना एएचटीयू/एसजेपीयू, अपराजिता सामाजिक समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन गोण्डा की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत स्पा सेंटर, मसाज पार्लर, होटल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्पा सेंटर, मसाज पार्लर एवं होटल संचालकों के अभिलेखों का सत्यापन किया गया तथा कर्मचारियों की पहचान एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच की गई। संचालकों को निर्देशित किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के किसी भी व्यक्ति को कार्य पर न रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। संयुक्त टीम द्वारा उपस्थित कर्मचारियों, संचालकों एवं आमजन को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा इनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि यदि किसी महिला, बालक अथवा बालिका के साथ शोषण, तस्करी अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। महिला हेल्पलाइन-1090, आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर हेल्पलाइन-1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई तथा पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया। जनपद गोण्डा पुलिस महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। "ऑपरेशन रक्षा" अभियान के माध्यम से मानव तस्करी, बाल शोषण एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम हेतु जनजागरूकता एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

No comments: