Jul 12, 2026

ग्राम सेमरहना (भरतपुर) में आयोजित हुआ पौधरोपण कार्यक्रम

 ग्राम सेमरहना (भरतपुर) में आयोजित हुआ पौधरोपण कार्यक्रम

बहराइच, 12 जुलाई। देश के सफल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा व प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की अपील के अनुरूप ‘‘एक पेड़—माँ के नाम’’ अभियान के तहत जनपद में वृक्षारोपण जनअभियान 2026-27 के अन्तर्गत तहसील मिहींपुरवा की ग्राम पंचायत सेमरहना (भरतपुर) में आज विशाल पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले में निर्धारित लक्ष्य 63,12,600 पौधों के रोपण के हिस्से के रूप में कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (कारागार) श्री सुरेश राही ने विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विष्वजीत श्रीवास्तव, प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित एवं अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा—अर्चना के बाद हरी शंकरी पौधा रोपकर किया।मुख्य अतिथि श्री राही ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि ‘‘एक पेड़—माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को एक पौधा लगाने और उसकी माता समान देखभाल करने का संदेश देना है। उन्होंने पौधरोपण को पर्यावरणीय समस्याओं का सरल व सुलभ समाधान बताया और लोगों से भूमि की उपलब्धता के अनुसार अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। श्री राही ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज समस्त क्षेत्र में 35 करोड़ पौधे रोपित किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी श्री त्रिपाठी ने कार्यक्रम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुबह से जिले भर में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण जारी है और वे आश्वस्त हैं कि जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी व आमजन मिलकर लक्ष्य से अधिक पौधे रोपेंगे। डीएम ने हरीशंकरी व सहजन के औषधीय व पोषणिक गुणों पर भी प्रकाश डाला और कहा कि सहजन में आयरन प्रचुर मात्रा में होता है, जो महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, अतः प्रत्येक घर पर सहजन का पौधा अवश्य होना चाहिए।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद, एसडीएम मिहींपुरवा (मोतीपुर) अमिता यादव, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जनपद के दूरस्थ ग्राम भरथापुर के हितग्राहियों के पुनर्वास हेतु ग्राम पंचायत सेमरहना में भरतपुर स्मार्ट ग्राम का निर्माण भी चल रहा है।

No comments: