गोण्डा - उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जनपद को कुल 42,54,100 पौधों के रोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया। इस महाअभियान के सफल संचालन एवं प्रभावी अनुश्रवण हेतु शासन द्वारा जनपद के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। जनपद स्तर पर सभी विभागों, स्थानीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों के समन्वित प्रयासों से अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया गया तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर पौधारोपण संपन्न कराया गया।
वृक्षारोपण महाअभियान के अवसर पर माननीय उपाध्यक्ष गौ सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश श्री महेश कुमार शुक्ला ने मनोरंजन केंद्र, आईटीआई परिसर, मनकापुर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर माननीय विधायक मनकापुर श्री रमापति शास्त्री, माननीय विधायक गौरा श्री प्रभात वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानंद प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं जनसहभागिता का संदेश दिया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
नोडल अधिकारी एवं जिला प्रशासन की सक्रिय सहभागिता से अभियान को मिली गति
शासन द्वारा नामित जनपद की नोडल अधिकारी श्रीमती कंचन वर्मा, आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश तथा मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल ने बसेरिया, कर्नलगंज में पौधारोपण कर अभियान का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को पौधों के संरक्षण एवं उनकी जीवितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने शहर स्थित गांधी पार्क में अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
जनपद के सभी विभागों ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पौधारोपण किया
वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक सभी विभागों द्वारा अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत पौधारोपण किया गया।
अभियान में वन, राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, उद्यान, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सहभागिता से यह अभियान जनआंदोलन के रूप में संपन्न हुआ। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा एवं जीवितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे यह महाअभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण की स्थायी पहल के रूप में सफल सिद्ध हो सके।
No comments:
Post a Comment