15 जुलाई तक संचालित होगा स्कूल चलो अभियान का द्वितीय चरण
बहराइच । जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि 01 से 15 जुलाई 2026 तक जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण के सफल संचालन एवं शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की गई है। श्री सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य है कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक पात्र बच्चे का नामांकन, ड्रॉपआउट एवं अप्रवेशित बच्चों का चिन्हांकन एवं पुनः नामांकन, बाल वाटिका एवं कक्षा 1 में अधिकतम प्रवेश कराने के साथ-साथ नियमित उपस्थिति सुनिश्चित तथा समुदाय एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। बीएसए श्री सिंह ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रत्येक न्याय पंचायत का दैनिक भ्रमण कर प्रतिदिन कम से कम 10 विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे तथा प्रत्येक संकुल में नामांकन प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्राम पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित कर उसकी सतत निगरानी भी करें। परिषदीय विद्यालयों में अधिकतम प्रवेश सुनिश्चित कराने के लिए विद्यालय स्तर पर प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता रैली एवं घर-घर सम्पर्क अभियान जैसी गतिविधियां संचालित की जायेंगी। विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक के माध्यम से अभियान को सफल बनाने हेतु ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी, आशा एवं स्वयं सहायता समूह की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। अभिभावकों को बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक किया जायेगा। विद्यालय में प्रवेश उत्सव का आयोजन। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक, पुष्प एवं स्वागत किट से अभिनंदन किया जायेगा। अभियान की विशेषता होगी कि दिव्यांग, प्रवासी एवं वंचित परिवारों, ईंट-भट्टा, निर्माण स्थल एवं मजदूर परिवारों के बच्चों का चिन्हांकन एवं सर्वे करते हुए अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जायेगा। बीएसए श्री सिंह ने बताया कि अभियान अन्तर्गत 01 जुलाई को अभियान शुभारंभ, प्रवेश उत्सव, रैली, 02 को घर-घर सम्पर्क एवं सर्वे, 03 को ड्रॉपआउट बच्चों का चिन्हांकन, 04 को ग्राम पंचायत बैठक, 05 को बाल वाटिका एवं कक्षा-1 विशेष नामांकन, 06 को दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का सर्वे, 07 र्को अभिभावक संवाद कार्यक्रम, 08 को नामांकन समीक्षा, 09 को कम प्रगति वाले विद्यालयों में विशेष अभियान, 10 को समुदाय सहभागिता कार्यक्रम, 11 को बालिका शिक्षा जागरूकता दिवस, 12 को पुनः घर-घर सम्पर्क अभियान, 13 को शत-प्रतिशत नामांकन सत्यापन, 14 को अंतिम विशेष नामांकन अभियान तथा 15 जुलाई को नामांकन की समीक्षा का कार्यक्रम निर्धारित है। अभियान के दौरान जहां एक ओर उत्कृष्ट कार्य करने वाले खंड शिक्षा अधिकारी एवं विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा वहीं दूसरी ओर शिथिलता बरतने वाले कार्मिकों को दण्डित भी किया जायेगा।
No comments:
Post a Comment