गोण्डा - जनपद के कर्नलगंज तहसील क्षेत्र से भ्रष्टाचार और न्याय न मिलने का एक गंभीर मामला सामने आया है ,जहां परसपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कडरू निवासी रणविजय सिंह ने करनैलगंज के उप जिलाधिकारी और स्थानीय राजस्व कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय के लिए देवीपाटन मंडल के कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि बार-बार चक्कर काटने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ा। पीड़ित रणविजय सिंह का आरोप है कि वह अपने जमीनी विवाद के निस्तारण के लिए कई बार करनैलगंज तहसील में उप जिलाधिकारी के समक्ष पेश हुए। उन्होंने अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन मिला और वे खाली हाथ लौट आये। तहसील स्तर से न्याय न मिलता देख पीड़ित दर-दर भटकने को मजबूर हो गया।
कमिश्नर को सौंपा प्रार्थना पत्र, लगाए संगीन आरोप
स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान होकर पीड़ित रणविजय सिंह ने आखिरकार देवीपाटन मंडल आयुक्त को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में करनैलगंज तहसील के भीतर फैले भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला है।
पीड़ित का आरोप है कि करनैलगंज तहसील के भीतर भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। राजस्व विभाग से जुड़े लेखपाल और कानूनगो बिना सुविधा शुल्क (रिश्वत) लिए कोई भी कार्य नहीं करते हैं। पैसे न देने के कारण ही मेरी जमीनी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।"
पीड़ित द्वारा लगाए गए ये आरोप बेहद गंभीर हैं, जो सीधे तौर पर तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं। हालांकि, यह पूरा प्रकरण अभी जांच का विषय है और उच्च अधिकारियों की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी। वहीं मामले में एसडीएम का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं उठा।
No comments:
Post a Comment