Jun 20, 2026

कर्नलगंज: महिला के निधन से शोक में डूबे परिवार के मोहर्रम का ढोल बजाने से मना करने पर हुआ बवाल



 आधा दर्जन घायल,वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

करनैलगंज/गोण्डा - कोतवाली क्षेत्र के भंभुआ पुलिस चौकी अंतर्गत बुढ़वलिया महीपतगंज गांव में शोकग्रस्त परिवार के घर के सामने मोहर्रम का हुद्दा व ढोल बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि महिला के निधन पर हिन्दू परिवार शोक में था सुबह अंतिम संस्कार होना था। उधर मुश्लिम पक्ष के लोग तेज धुन में मोहर्रम का ढोल बजा रहे थे जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट, गाली-गलौज शुरू हो गई। घटना में आधा दर्जन लोगों के घायल होने का दावा किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।
 वहीं मामले में गांव निवासी शिवा पुरुवार पुत्र रामशंकर पुरुवार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि शुक्रवार शाम उनकी बड़ी मां सरिता देवी पत्नी बद्री प्रसाद का निधन हो गया था। घर में मातम पसरा था और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। आरोप है कि रात करीब नौ बजे गांव के कुछ लोग मोहर्रम का हुद्दा और ढोल लेकर उनके दरवाजे के सामने पहुंच गए। शोक का हवाला देकर ढोल न बजाने का अनुरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद दर्जनों लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। जान बचाने के लिए परिवार के लोग घर के भीतर चले गए, लेकिन आरोपित घर में घुस गए और टीनशेड, बाइक समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ की। आरोप है कि कुछ लोगों ने छत से ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीण भी चोटिल हो गए। तहरीर में रामावती पत्नी सुखराज, राजन पुत्र रामू शैनी, रिंकू पुत्र मंगल शैनी, लकी जायसवाल पुत्र कृष्ण कुमार जायसवाल, मुन्ना मौर्य पुत्र बसंतलाल मौर्य तथा किरन मौर्य पत्नी मुन्ना मौर्य के घायल होने का उल्लेख किया गया है। घटना के बाद से दोनों समुदायों के बीच तनाव व्याप्त है। एहतियातन पुलिस गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले ढोल बजाने को लेकर छोटे - छोटे बच्चों के बीच विवाद हो गया था, दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान कर दिया गया है,मामले की जांच की जा रही है, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, जांच में जुटी पुलिस

घटना से जुड़े कुछ वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे। हालांकि वायरल वीडियो की मां वाराही न्यूज पुष्टि नहीं करता है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच पड़ताल कर रही है।

No comments: