Jun 2, 2026

वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 05 अदद चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, 03 अभियुक्त गिरफ्तार



गोण्डा - अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना को0 नगर पुलिस टीम द्वारा वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड करते हुए 03 अभियुक्तो-01. दुर्गेश मिश्रा पुत्र जगदीश प्रसाद मिश्रा, 02. गुड्डू उर्फ हेटा पुत्र मजीद, 03. रूपेन्द्र सिंह उर्फ रौनक पुत्र दिनेश सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 05 अदद मोटरसाईकिलों को बरामद किया गया। 

दिनांक 01.06.2026 को उ0नि0 प्रशान्त कुमार चौकी प्रभारी गुरुनानक मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध वाहन, व्यक्ति एवं वस्तुओं की चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन मार्ग शेखपुर के पास स्थित खण्डहर से 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रूपेन्द्र सिंह उर्फ रौनक पुत्र दिनेश सिंह निवासी अमदही बाजार थाना उमरीबेगमगंज जनपद गोण्डा, दुर्गेश मिश्रा पुत्र जगदीश प्रसाद मिश्रा निवासी सिंहपुर मौजा नकहा थाना कटरा बाजार जनपद गोण्डा तथा गुड्डु उर्फ हेटा पुत्र मजीद निवासी पटेल नगर घोसियाना थाना कोतवाली नगर जनपद गोण्डा शामिल हैं। अभियुक्तों के कब्जे से 05 अदद चोरी की मोटरसाइकिलें, 01 अदद आई-टेल कम्पनी का की-पैड मोबाइल फोन, ₹2580/- नकद, दो अदद पेन्ट की डिब्बियाँ एवं एक ब्रश बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरूद्ध थाना को0नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय रवाना किया गया। 
गिरफ्तार अभियुक्तगण द्वारा पूछताछ में बताया कि वे आपस में मिलकर जनपद गोण्डा एवं आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने का कार्य करते हैं। चोरी की गई मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए उनके नम्बर प्लेट तोड़ देते थे अथवा पेन्ट के माध्यम से फर्जी नम्बर अंकित कर देते थे। इसके बाद उक्त मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। अभियुक्तों ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों को विभिन्न स्थानों से चोरी कर रेलवे स्टेशन मार्ग शेखपुर के पास स्थित खण्डहर में छिपाकर रखा गया था। बरामद मोटरसाइकिलों में से एक मोटरसाइकिल थाना कोतवाली नगर पर पंजीकृत वाहन चोरी के मुकदमे से सम्बन्धित है। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने से प्राप्त धनराशि में से कुछ रुपये उनके पास बरामद हुए हैं तथा बरामद आई-टेल कम्पनी का की-पैड मोबाइल फोन भी उसी धनराशि से खरीदा गया था। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने यह भी बताया कि बरामद पेन्ट की डिब्बियों एवं ब्रश का उपयोग मोटरसाइकिलों के वास्तविक नम्बर मिटाकर फर्जी नम्बर अंकित करने में किया जाता था, जिससे पुलिस एवं वाहन स्वामियों को भ्रमित किया जा सके। अभियुक्तगण द्वारा अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया गया कि वे संगठित रूप से वाहन चोरी कर उनके स्वरूप एवं पहचान में परिवर्तन कर विक्रय करने का कार्य करते थे। अभियुक्तों से प्राप्त अन्य जानकारियों के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं एवं बरामद वाहनों के सम्बन्ध में अग्रिम विवेचनात्मक एवं विधिक कार्यवाही की जा रही है।

No comments: