May 13, 2026

चुनावी रंजिश में पत्रकार विपिन सिंह व उनके भाई पर फायरिंग, दोनों घायल

गोण्डा - जिले के उमरी बेगमगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पत्रकार विपिन सिंह को गोली मार दी गई और वह गम्भीर रूप से घायल हो गए। मिल रही जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह चुनावी रंजिश को लेकर एक गोली कांड की सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई । जहां इस गोलीकांड में पत्रकार विपिन सिंह और उनके भाई अमित सिंह दोनों लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर ले जाया गया,जहां से बेहतर उपचार के लिए गोण्डा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। विपिन सिंह के जंघे में तो वही उनके भाई के अंगूठे में गोली मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि विपिन सिंह जी इसी गांव से प्रधानी लड़ने को लेकर के तैयारी कर रहे थे, इसी गांव के प्रधान अशोक सिंह से उनकी चुनावी रंजिश है। दोनों देर रात गांव में स्थित बेल बहादुर लोधी के यहां आयोजित बिटिया की शादी कार्यक्रम में गए हुए थे। वहीं पर दोनों के बीच आपसी कहा सुनी हुई उसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले आए । आज बुधवार सुबह विपिन सिंह जब अपने घर पर पूजा कर रहे थे इसी दौरान प्रधान अशोक सिंह मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू करके फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में विपिन सिंह और उनके भाई अमित सिंह को गोली लगी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय,सीओ तरबगंज डॉक्टर उमेश्वर प्रभात सिंह और थानाध्यक्ष उमरीबेगमगंज एसओजी टीम सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर की पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं पुलिस को मौके से चली हुई कुछ गोली बरामद हुई है इसके साथ ही साथ प्रधान अशोक सिंह की गाड़ी भी बरामद हुई है जिस गाड़ी से वह विपिन सिंह के घर पर पहुंचे हुए थे। वही इस पूरी विवाद के दौरान प्रधान अशोक सिंह को भी चोट आई है उनका भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर में इलाज करवाया जा रहा है। दोनों पक्ष के लोगों द्वारा एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी गई है।

No comments: