May 25, 2026

मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में 32 महिलाओं ने रखीं समस्याएं, आयुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश





महिलाओं की समस्याओं पर आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल सख्त, बोले- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं 


गोण्डा -  देवीपाटन मंडल मुख्यालय में सोमवार को आयोजित “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम के तहत आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने 32 महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, उत्पीड़न, अवैध कब्जा, चकमार्ग, आवास, पारिवारिक विवाद तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनसुनवाई में बहराइच जनपद की थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा निवासी चंद्रकला ने पड़ोसियों पर दीवार गिराने और उत्पीड़न का आरोप लगाया। महिला ने शिकायती पत्र देकर बताया कि 27 अप्रैल को विपक्षियों ने उसकी दीवार गिरा दी तथा रास्ते में भैंस बांधकर आवागमन बाधित कर रहे हैं। विरोध करने पर परिवार को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने एसएचओ विशेश्वरगंज को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी क्रम में तहसील पयागपुर के ग्राम निगोह निवासी मुन्नी पत्नी पप्पू सोनकर ने हरिजन आबादी की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने करीब दस वर्षों से आबादी की भूमि पर कब्जा कर निर्माण करा लिया है। पीड़िता के अनुसार तहसीलदार पयागपुर द्वारा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-67 के तहत बेदखली आदेश पारित किए जाने के बावजूद अब तक कब्जा नहीं हटाया गया। महिला ने बताया कि तहसील दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर कई बार शिकायत करने के बाद भी आदेश का अनुपालन नहीं कराया गया। आयुक्त ने तहसीलदार पयागपुर को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं तहसील मनकापुर क्षेत्र के ग्राम हाजीजोत निवासी कान्ती देवी ने चक नाली पर अवैध कब्जे की शिकायत की। महिला ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने गाटा संख्या 304 में दर्ज चक नाली को जोतकर खेत में मिला लिया है, जिससे सिंचाई और आवागमन प्रभावित हो रहा है। महिला ने क्षेत्रीय कानूनगो पर भी पैमाइश न कराने का आरोप लगाया। साथ ही विपक्षियों द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की बात कही। मामले में आयुक्त ने एसडीएम मनकापुर को गहन जांच कर चक नाली को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” का उद्देश्य महिलाओं को सीधे प्रशासनिक स्तर पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर देना और उन्हें शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है।

No comments: