May 25, 2026

चक रोडों से अतिक्रमण हटाने को आयुक्त सख्त, एफआईआर के निर्देश





किसान चक रोड मुक्ति अभियान शुरू, अतिक्रमण हटाकर खेतों तक आसान पहुंच बनाने पर जोर

बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर : आयुक्त

देवीपाटन मंडल में चक रोड मुक्ति अभियान को आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने दी रफ्तार


गोण्डा - ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को खेतों तक सुगम आवागमन उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक चक रोडों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से देवीपाटन मंडल में *“किसान चक रोड मुक्ति अभियान”* शुरू किया गया है। अभियान की शुरुआत *मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल* के निर्देशन में की गई। सोमवार को आयुक्त ने वर्चुअल माध्यम से मंडल के सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों एवं अपर जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में आयुक्त ने कहा कि चक रोड गांवों में खेतों तक पहुंचने वाले सार्वजनिक मार्ग होते हैं, जिनका उपयोग किसान खेती-बाड़ी, फसल परिवहन, ट्रैक्टर, बैलगाड़ी एवं अन्य कृषि यंत्रों के आवागमन के लिए करते हैं। ऐसे रास्ते ग्रामीण कृषि व्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए इन्हें अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार चकमार्गों का सीमांकन कराते हुए अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही ग्रामीणों को सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा एवं चक रोडों के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि चक रोडों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध लेखपालों के माध्यम से एफआईआर भी दर्ज कराई जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह के अंत तक विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, जिसमें अतिक्रमण मुक्त कराए गए चकमार्गों की संख्या, कार्रवाई किए गए अतिक्रमणकारियों का विवरण तथा निर्माण कार्य की प्रगति शामिल हो। आयुक्त ने यह भी कहा कि चक रोडों की मिट्टी पटाई अथवा निर्माण कार्य से पहले और बाद की फोटो एक ही स्थान से ली जाए, ताकि कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का सत्यापन किया जा सके।



मंडल में चकमार्ग निर्माण कार्य में तेजी

देवीपाटन मंडल में चकमार्गों की पैमाइश एवं निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। जनपद गोंडा में 613 चकमार्गों की पैमाइश की गई है, जिनमें से 514 चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर उन पर मिट्टी पटाई का कार्य शीघ्र कराया जाएगा। वहीं, बलरामपुर जनपद में 243 चकमार्गों की पैमाइश के बाद मिट्टी पटाई का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। श्रावस्ती में 616 चकमार्गों की पैमाइश पूरी हो चुकी है, जिनमें से 427 चकमार्गों पर मिट्टी पटाई का कार्य कराया जाएगा। इसी प्रकार जनपद बहराइच में 1659 चकमार्गों की पैमाइश की जा चुकी है तथा उन्हें अतिक्रमण मुक्त कर मिट्टी पटाई का कार्य शुरू कराया जाएगा। अंत में आयुक्त ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमणयुक्त चकमार्गों की पैमाइश कर उन्हें तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा जल्द से जल्द मिट्टी पटाई का कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली फसल की बुवाई से पूर्व यह कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए।

No comments: