जिलाधिकारी ने बाबू ईश्वरशरण जिला चिकित्सालय/मेडिकल कॉलेज का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार हेतु दिए कड़े निर्देश
अस्पताल / मेडिकल कॉलेज परिसर में साफ सफाई, पार्किंग आदि की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश-जिलाधिकारी
गोण्डा - जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने बाबू ईश्वरशरण जिला चिकित्सालय/मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
उन्होंने आमजन के सुगम आवागमन हेतु सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए पर्याप्त एवं सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था विकसित करने को कहा। ओपीडी, वेटिंग रूम तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने मरीजों के पर्चों पर लिखी जाने वाली दवाओं का ऑनलाइन कम्प्यूटर अपडेट समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत रूप से किए जाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त उन्होंने शौचालयों की नियमित साफ-सफाई तथा पूरे अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज परिसर में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिये हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि अस्पताल के प्रत्येक फ्लोर पर कम से कम पांच-पांच व्हीलचेयर उपलब्ध रहें, जिससे बुजुर्ग, दिव्यांग एवं गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि डॉक्टरों, नर्सों, कम्पाउंडरों एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती पर्याप्त संख्या में रहे, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित चिकित्सा सेवाएं प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) जिला अस्पताल तथा मेडिकल कॉलेज अधीक्षक को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज एवं तीमारदार को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे अस्पताल में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सहज एवं सम्मानजनक वातावरण में प्राप्त हों।
No comments:
Post a Comment