मनकापुर विकास खण्ड में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति अत्यंत खराब होने पर एडीओ एजी का वेतन रोकने के निर्देश
गोण्डा - जनपद में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विकास खण्डों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। समीक्षा में यह पाया गया कि मनकापुर विकास खंड में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति अत्यंत संतोषजनक नहीं है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एडीओ एजी मनकापुर के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और त्वरित रूप से उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की ढिलाई या उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों या कर्मचारियों के स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही पाई जाएगी, उनके विरुद्ध जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गति दें और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगली समीक्षा बैठक में प्रगति में सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए किसानों के हितों को सर्वोपरि रखें और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य को सफल बनाएं।
No comments:
Post a Comment