Apr 8, 2026

करीब एक करोड़ की कीमत का मादक द्रव्य जलाकर किया गया नष्ट



‘‘ऑपरेशन दहन’’ के तहत ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा एन0डी0पी0एस0 एक्ट के मुकदमों से सम्बन्धित 71.05 किलो ग्राम मादक पदार्थ (कीमत करीब 01 करोड़ रूपये ) को जलाकर किया गया नष्ट

गोण्डा - पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 के निर्देशन में चलाये जा रहे ‘‘ऑपरेशन दहन’’ अभियान के तहत जनपद गोण्डा में नशा मुक्त अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है । इसी अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों में पंजीकृत एन0डी0पी0एस0 एक्ट के मुकदमों से सम्बन्धित बरामद मादक पदार्थों के निस्तारण/विनिष्टीकरण की कार्यवाही निरंतर करायी जा रही है । आज दिनांक 08.04.2026 को पुलिस अधीक्षक गोण्डा के पर्यवेक्षण में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में मैजापुर चीनी मिल स्थित इन्सीनेटर में जनपद के विभिन्न थानों में पंजीकृत एन0डी0पी0एस0 एक्ट के कुल 122 मुकदमों से संबंधित लंबित मालों का विनिष्टीकरण कराया गया। यह कार्यवाही पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा मानकों एवं विधिक प्रक्रिया का अनुपालन करते हुए संपन्न कराई गई । विनिष्टीकरण के दौरान गांजा 54.96 किलोग्राम, चरस 3.548 किलोग्राम, अफीम 0.412 किलोग्राम, स्मैक 0.542 किलोग्राम, डोडा 1.35 किलोग्राम तथा नशीली गोलियां 10.24 किलोग्राम सहित कुल 71.05 किलोग्राम मादक पदार्थों को नियमानुसार जलाकर नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग ₹ 01 करोड़ रू0 आंकी गई है। सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराते हुए सभी अभिलेखों का विधिवत संधारण भी सुनिश्चित किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि गोण्डा पुलिस द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सतत अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में विगत अवधि में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। जब्त मादक पदार्थों के आज विधिवत विनिष्टीकरण की कार्यवाही पूर्ण की गई। इस प्रकार की कार्यवाही से न केवल अवैध मादक पदार्थों के पुनः दुरुपयोग की संभावना समाप्त होती है, बल्कि समाज में नशे के विरुद्ध एक सशक्त संदेश भी जाता है। गोण्डा पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार सघन अभियान चलाकर नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही करती रहेगी।
उक्त अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय, जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्यगण, प्रभारी डीसीआरबी, जनपद के समस्त थानों के हेड मुहर्रिर एवं मैजापुर चीनी मिल के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments: