Apr 18, 2026

अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल, दुष्कर्म व फोटो वायरल करने का आरोप, महिला ने कोतवाली में दी तहरीर



करनैलगंज /गोण्डा - स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासिनी एक महिला ने गांव के ही युवक पर अशोभनीय फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने, दुष्कर्म करने तथा आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि करीब छह माह पूर्व गांव निवासी सत्यम दूबे उर्फ गोलू ने उसका अशोभनीय चित्र खींच लिया था। बाद में फोटो दिखाकर आरोपी ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि फोटो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने बताया कि 16 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और दोबारा संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक गालियां दीं, पति की हत्या करने तथा फोटो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो वायरल भी कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। पीड़िता ने बताया कि पति के बाहर रहने के कारण वह अब तक डर और दबाव में थी। पति के घर लौटने पर उसने पूरी घटना बताई और शनिवार को कोतवाली पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments: