Apr 1, 2026

नंबर प्लेट छिपाकर चल रहे वाहनों के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 446 वाहनों का चालान, 26 वाहन सीज, ₹10,91,600 की वसूली

 
गोण्डा - जनपद गोण्डा में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान विशेष रूप से उन वाहनों (ट्रक, डंपर आदि) के विरुद्ध संचालित किया गया जो अपनी नंबर प्लेट को छिपाकर अथवा अस्पष्ट कर अवैध रूप से संचालित हो रहे थे, जिससे उनकी पहचान करना कठिन हो जाता है और दुर्घटना अथवा आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता का पता लगाने में बाधा उत्पन्न होती है।उक्त अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर तथा संदिग्ध वाहनों को रोककर गहन जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 1811 ट्रक/डंपर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान 446 वाहनों में नंबर प्लेट संबंधी अनियमितताएं एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई। इसके अतिरिक्त, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल ₹10,91,600 (दस लाख इक्यानवे हजार छह सौ रुपये) का शमन शुल्क वसूल किया गया। वहीं, गंभीर अनियमितताओं वाले 26 वाहनों को सीज करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा समस्त वाहन मालिको/चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट एवं सही नंबर प्लेट का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। जनपद पुलिस द्वारा यह अभियान आगे भी निरंतर चलाया जाएगा, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।


No comments: