Apr 1, 2026

अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जनगणना-2027 के तैयारियों की बैठक



गोण्डा - जनपद कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार की अध्यक्षता में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। अतः इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी समय से लगाई जाए तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करना सुनिश्चित करना होगा।

बैठक के दौरान जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें क्षेत्रवार दायित्व निर्धारण, प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा कार्य की निगरानी व्यवस्था शामिल रही। अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मियों को पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, जिससे कार्य की गुणवत्ता बनी रहे और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान आमजन से समन्वय स्थापित करना भी अत्यंत आवश्यक है, जिससे सही एवं सटीक जानकारी प्राप्त की जा सके। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक में समस्त तहसीलदार, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री लाल जी दूबे, डीएसटीओ श्री एन.के. सिंह, एलआरसी श्री सत्यदेव मिश्र सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जनगणना-2027 को सफल बनाया जा सकता है।

No comments: