गैस एजेंसी कर्मियों पर धोखाधड़ी व कालाबाजारी का आरोप, सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज
गोंडा। जिले के कर्नलगंज कस्बे में घरेलू गैस वितरण को लेकर एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-2 कंजरपुरवा निवासी संतोष कुमार ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर जालसाजी और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।पीड़ित संतोष कुमार के अनुसार, उसने एक गैस एजेंसी से घरेलू गैस कनेक्शन लिया हुआ है। उसने 8 मार्च को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से गैस सिलेंडर बुक कराया था। आरोप है कि अगले दिन 9 मार्च को उसके मोबाइल पर 8960321828 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया और बुकिंग की पुष्टि करते हुए मोबाइल पर आए डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) की जानकारी मांगी। भरोसा दिलाया गया कि कोड बताने पर गैस की डिलीवरी शीघ्र कर दी जाएगी। संतोष कुमार ने विश्वास में आकर डीएसी नंबर साझा कर दिया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद उसे गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिली। 21 मार्च को जब वह एजेंसी पहुंचा, तो उसे बताया गया कि उसके नाम से गैस की डिलीवरी पहले ही हो चुकी है और अब अगली बुकिंग पर ही सिलेंडर मिलेगा। यह सुनकर पीड़ित हैरान रह गया और उसे अपने साथ धोखाधड़ी का एहसास हुआ। पीड़ित का आरोप है कि गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने मिलीभगत कर उसके नाम पर फर्जी डिलीवरी दिखाकर गैस की कालाबाजारी की है। उसे जानबूझकर गुमराह किया गया और उसका हक का सिलेंडर कहीं और बेच दिया गया। संतोष कुमार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर एजेंसी संचालक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इस संबंध में उपजिलाधिकारी कर्नलगंज, नेहा मिश्रा ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

No comments:
Post a Comment