Mar 9, 2026

मिशन शक्ति अभियान एंटी रोमियो स्क्वायड टीमों द्वारा महिलाओं/बालिकाओं को किया गया जागरूक





गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में एण्टी रोमियो स्क्वायड टीमों द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इस दौरान विभिन्न गांवों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चौपाल लगाकर स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान टीमों द्वारा महिलाओं/बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के उपाय तथा कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। मिशन शक्ति से जुड़ी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा आवागमन के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं से फीडबैक फॉर्म भी भरवाए गए, जिनके माध्यम से जनपद के संवेदनशील एवं हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित किया गया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए मनचलों को एण्टी रोमियो स्क्वायड टीम द्वारा सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए गए, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया गया कि गोण्डा पुलिस उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। साथ ही शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनका उपयोग आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने हेतु किया जा सकता है।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1090 – वूमेन पावर हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108 – एम्बुलेंस सेवा
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
102 – स्वास्थ्य सेवा

इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया, जैसे अज्ञात कॉल अथवा संदेशों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करना, बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहना तथा सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखना। पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना भी है, ताकि वे प्रत्येक परिस्थिति में अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।


No comments: