गोण्डा - पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज दिनांक 14.03.2026 को सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पी.जी. कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एन0एस0एस0) विशेष शिविर में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा तथा कानून द्वारा महिलाओं को दिए गए अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम में वामासारथी संघ की अध्यक्षा डा0 तन्वी जायसवाल छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक जागरूकता के विषय में प्रेरित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। एन0एस0एस0 शिविर के षष्ठम दिवस पर कार्यक्रम अधिकारी डा0 मौसमी सिंह एवं डा0 नीतू सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं द्वारा महर्षि अरविन्द बाल शिक्षा मंदिर से उपरहितन पुरवा एवं रानीपुरवा क्षेत्र में नारी शक्ति जागरूकता चेतना रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। रैली में निशा यादव, राधा मिश्रा, पूर्णिमा, श्रेया, अफरीन, ज्योति, सुमन, कशिश, खुशी, मरियम सहित अन्य स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भोजनावकाश के उपरांत आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अंजनी कुमार दूबे एवं करूणेश पटेल द्वारा योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपनाने के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत द्वारा उपस्थित छात्राओं को महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment