Mar 14, 2026

पत्रकार पर जानलेवा हमला, खबर लिखने से नाराज़ भू-माफिया ने डंडे-बेल्ट से पीटा

गोण्डा - बंजर भूमि पर अवैध निर्माण की खबर प्रकाशित करने से नाराज़ एक दबंग ने पत्रकार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा भोगचंद्र निवासी शिवदास गुप्ता ने बताया कि वह एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र में पत्रकार हैं। उन्होंने बीते महीने कनकपुर गांव में बंजर की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को लेकर खबर प्रकाशित की थी। खबर छपने के बाद से कुछ भू-माफिया उनसे नाराज़ चल रहे थे और लगातार धमकी दे रहे थे। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे वह कनकपुर पेट्रोल पंप के सामने स्थित अपनी जनरल स्टोर की दुकान पर बैठे थे। इसी कनकपुर गांव के जितेन्द्र यादव मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसने डंडे से हमला कर दिया। डंडा टूट जाने के बाद आरोपी ने बेल्ट से भी मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद आरोपी दुकान में घुस गया और तोड़फोड़ करते हुए सामान बाहर फेंक दिया। जाते समय उसने शिकायत करने पर हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments: