Mar 1, 2026

“बहू-बेटी सम्मेलन” का आयोजन, क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री शिल्पा वर्मा रहीं शामिल



 
गोण्डा - मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जनपद गोण्डा में आज दिनांक 01.03.2026 को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में “बहू-बेटी सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में किया गया। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री शिल्पा वर्मा द्वारा इटियाथोक थानाक्षेत्र में आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन में प्रतिभाग कर क्षेत्र की महिलाओं, युवतियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं एवं स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से संवाद स्थापित किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मनिर्भर बनने के विभिन्न आयामों से अवगत कराया। महोदया द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं- कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं- की जानकारी देते हुए महिलाओं को इनका लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
उन्होंने महिलाओं को यह भी अवगत कराया कि *किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा अन्य आपात स्थिति में तत्काल निम्न हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें-
महिला हेल्पलाइन – 1090
महिला हेल्पलाइन – 181
डायल 112
चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098
साइबर हेल्पलाइन – 1930
सम्मेलन के दौरान महिला पुलिस कर्मियों द्वारा आत्मरक्षा के उपाय, साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्कता, बाल विवाह, दहेज प्रथा, नशा उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी सदर महोदया ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

सामुदायिक संवाद — बहू-बेटी सम्मेलन का मुख्य आधार
बहू-बेटी सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं के मध्य सामुदायिक संवाद को सशक्त एवं प्रभावी बनाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत- सास, बहू, बेटियों एवं परिवार की विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद स्थापित कराया गया। महिलाओं को अपने अनुभव, चिंताएँ, पारिवारिक चुनौतियाँ, सामाजिक दबाव एवं दैनिक जीवन से जुड़े विषयों को निर्भीकता से व्यक्त करने हेतु खुला मंच प्रदान किया गया। क्षेत्राधिकारी सदर महोदया एवं महिला पुलिस टीम द्वारा प्रत्येक समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनकर समाधान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। घरेलू कलह, मानसिक उत्पीड़न, शिक्षा में बाधाएँ, नशा मुक्ति, दहेज, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा एवं स्वावलंबन जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को पारिवारिक एकता, परस्पर सम्मान एवं सहयोग के महत्व से अवगत कराया गया। सामुदायिक संवाद के इस मंच से महिलाओं को अपनी समस्याओं को खुलकर रखने का अवसर प्राप्त होता है, साथ ही उन्हें एक सहयोगात्मक एवं सकारात्मक वातावरण भी मिलता है, जहाँ वे समाधान की दिशा में आगे बढ़ सकें।
क्षेत्राधिकारी सदर महोदया ने सभी महिलाओं से मिशन शक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता करने एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।

इसी प्रकार जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों एवं महिला बीट अधिकारियों द्वारा भी बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए उनकी समस्याओं के समाधान हेतु संवाद स्थापित किया गया।

No comments: