गोण्डा - जनपद में पारिवारिक जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। लखनऊ निवासिनी एक युवती ने अपने ही पिता, दादा और सौतेले भाई पर मारपीट, अभद्रता और लूट का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता शनया पाण्डेय पुत्री रेनू पाण्डे, निवासिनी गोमती नगर, लखनऊ के अनुसार उनके माता-पिता के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। आरोप है कि 14 मार्च 2026 को वह अपनी मां के साथ चरौंहा मोड़ स्थित अपनी जमीन देखने गई थीं। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके पिता सुरेश नारायण पांडे, दादा गोमती प्रसाद पांडे और सौतेले भाई अभिनव ठाकुर उर्फ भानु जमीन पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। युवती का कहना है कि जब उसने निर्माण का वीडियो बनाना शुरू किया, तभी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सौतेले भाई ने उसे कमरे में घसीटकर उसके कपड़े फाड़ दिए और गले में पहनी चैन भी छीन ली। किसी तरह खुद को छुड़ाकर वह बाहर निकली और अपनी मां को लेकर वहां से जाने लगी। पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान उसके पिता ने उसकी मां के सीने पर पत्थर मार दिया, जिससे वह गिर पड़ीं। गौरतलब है कि पीड़िता की मां फोर्थ स्टेज कैंसर से पीड़ित बताई जा रही हैं। वहीं, युवती ने सौतेले भाई पर भी धक्का देकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके चलते पीड़िता और उसकी मां को थाने जाना पड़ा।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपियों द्वारा उसके और उसकी मां के साथ कोई भी अप्रिय घटना की जा सकती है। उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
No comments:
Post a Comment