Mar 18, 2026

गोण्डा में “नव निर्माण के 9 वर्ष” पर भव्य कार्यक्रम, विकास मेले का शुभारंभ









प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन,  मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण देखा गया

नौ वर्षों में कानून व्यवस्था व विकास को मिली नई दिशा: जिला पंचायत अध्यक्ष

महिला सशक्तिकरण व जनकल्याण योजनाओं पर जोर, लाभार्थियों से किया संवाद



गोण्डा -  उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को वेंकटाचार्य क्लब, गोण्डा में जिला प्रशासन के तत्वावधान में भव्य एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान लोक भवन सभागार, लखनऊ से आयोजित वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 9 वर्ष” के विमोचन का सजीव प्रसारण एनआईसी सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों को ध्यानपूर्वक सुना एवं देखा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत ग्राम्य विकास की थीम पर आयोजित विकास मेले का उद्घाटन किया गया।  इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया गया है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सड़कों एवं एक्सप्रेसवे के निर्माण, विद्युत आपूर्ति में सुधार तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में व्यापक रूप से पहुंच रहा है।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं—स्वयं सहायता समूह, महिला सुरक्षा एवं रोजगारपरक कार्यक्रमों—के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से विकास का एक नया दौर स्थापित हुआ है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र को धरातल पर उतारते हुए प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: