करनैलगंज /गोण्डा नगर क्षेत्र कर्नलगंज के भाग संख्या 18 स्थित मोहल्ला भैरवनाथ पुरवा के दर्जनों निवासियों ने मतदाता सूची से नाम काटने की कथित साज़िश का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में सोमवार को युवा समाजसेवी मोहम्मद साजिद सिद्दीकी के नेतृत्व में मोहल्लेवासियों ने उपजिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र 298 कर्नलगंज को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने हेतु फॉर्म-7 भरकर बीएलओ के पास जमा कराया गया है। जबकि जिन नागरिकों के नाम से आपत्ति दर्ज कराई गई है, उनसे संपर्क करने पर उन्होंने साफ इनकार किया है कि उन्होंने कोई फॉर्म-7 भरा है या किसी का नाम काटने के लिए आवेदन किया है। उनका कहना है कि किसी ने उनके नाम का दुरुपयोग करते हुए फर्जी तरीके से फॉर्म जमा किया है। निवासियों ने आरोप लगाया कि यह कृत्य लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और इससे क्षेत्र के मतदाताओं में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित फॉर्म-7 की तत्काल जांच कर उसे निरस्त किया जाए। साथ ही जिन लोगों ने कथित रूप से फर्जीवाड़ा किया है उक्त लोगों व संबंधित बीएलओ के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाए। प्रार्थना पत्र पर फिरोज आलम, रहीसा बानो, मोहम्मद कलीम, मोहम्मद अल्ताफ, परवीन बानो, मोहम्मद फैसल, मोहम्मद इकराम, मोहम्मद जावेद, तौफीक अहमद, मोहम्मद जलील, अफसर जहां, मुस्तकीम और मोहम्मद जुनैद सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं। मामले में प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मतदाता सूची में उनके नाम सुरक्षित रखने की मांग की गई है। मामले को गंभीरता से संज्ञान लेकर उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने जांच कराकर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में क्या कदम उठाता है और जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं।
No comments:
Post a Comment