Jul 27, 2026

श्रावस्ती: बकरी चराने के विवाद में दलित परिवार पर हमला, 14 वर्षीय लड़की से जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट का आरोप


श्रावस्ती - जनपद के थाना सोनवा क्षेत्र के गांव सतरही में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद के बाद एक दलित परिवार पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती को प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थनापत्र में 14 वर्षीय मुस्कान पुत्री मोल्हे, निवासी सतरही ने बताया कि 26.07.2026 को बकरी चराने को लेकर विवाद हुआ था। इसी शिकायत की पुलिस द्वारा स्थलीय जांच कराए जाने के बाद रात करीब 9 बजे सोनू, उसके पिता हलीम, असलम पुत्र बड़कऊ और रजाक पुत्र भग्गड़, बाबू पुत्र रजाक समेत घर की महिलाओं ने एकजुट होकर उनके घर पर चढ़ाई कर दी।

मुस्कान का आरोप है कि हमलावरों ने उसे, उसकी माता, पिता और दादी के साथ मारपीट की। साथ ही उसे घर से बाहर घसीटकर ले जाया गया और जातिसूचक गालियां दी गईं। आरोप है कि हमलावरों ने कहा - "पुलिस का काम जांच के बाद पूरा हो गया, अब हमारा काम शुरू हुआ है, मोल्हे को खत्म कर देंगे, बस कहानी पूरी हो जाएगी"।

पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई है कि मनबढ़ और दबंगई दिखाने वाले आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए ताकि उसके और परिवार के अन्य लोगों की बेइज्जती न हो सके।

No comments: