गोण्डा - जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शाहपुर स्थित भग्गन चौराहे पर शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार पूरे अजब बड़े पुरवा निवासी करीब 70 वर्षीय अंबिका सिंह पुत्र रामधीरज सिंह शनिवार को दोपहर लगभग 2:30 बजे साइकिल से एक लोकवाणी केंद्र पर कागजात से संबंधित कार्य कराने गए थे। कार्य निपटाकर जब वह वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी भग्गन चौराहे से चचरी की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंबिका सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से परिजन उन्हें गोंडा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मौके पर ही मौत हो जाने की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में संबंधित चौकी प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि बाइक सवार को वाहन सहित हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
No comments:
Post a Comment