Feb 1, 2026

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026: मतदान केंद्रों पर दावे-आपत्तियों की कार्यवाही का निरीक्षण






विशेष अभियान दिवस पर आयुक्त देवीपाटन ने किया बीएलओ कार्य का स्थलीय सत्यापन

ASDD मतदाताओं के सत्यापन पर विशेष जोर, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद, पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर किया जागरूक

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत मतदान केंद्रों का निरीक्षण


गोण्डा  -  निर्वाचन नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 को प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार की देर शाम विशेष अभियान दिवस के अवसर पर आयुक्त देवीपाटन द्वारा शहर के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्राप्त फार्म-6, फार्म-8 एवं अन्य दावे-आपत्तियों पर की जा रही कार्यवाही की गहन समीक्षा की।

आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने मौके पर मौजूद बीएलओ से आवेदन निस्तारण की प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण तथा समयबद्ध कार्यवाही की जानकारी ली। साथ ही ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) मतदाताओं का स्थलीय सत्यापन कराए जाने की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची शुद्ध और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सटीक मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होना तथा अपात्र प्रविष्टियों का विलोपन प्राथमिकता पर किया जाए।

इसके अतिरिक्त आयुक्त द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर उनसे संवाद किया गया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए मतदाताओं को अपने नाम, आयु, पता एवं अन्य विवरणों के सत्यापन हेतु जागरूक किया। नागरिकों से अपील की गई कि यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय रहते संबंधित फार्म भरकर सुधार अवश्य कराएं।

निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सदर अशोक कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य को गति मिलने के साथ ही मतदाताओं में जागरूकता भी बढ़ी है।

No comments: