Jan 14, 2026

जनपद में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनजागरूकता फैलाने पर दिया गया विशेष जोर--एआरटीओ प्रशासन

जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा निरंतर चलाया जा रहा अभियान


गोण्डा - जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ (प्रशासन) परिवहन विभाग आर.सी. भारतीय द्वारा देर रात्रि में विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान संचालित किया गया। 
अभियान के दौरान मुख्य रूप से गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप/कोटिंग लगाई गई, जिससे रात्रि के समय पीछे से आने वाले वाहनों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की स्पष्ट दृश्यता हो सके और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।

एआरटीओ (प्रशासन) ने बताया कि अंधेरे में बिना रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप के चलने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे एवं किनारों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव कोटिंग लगाई गई तथा वाहन चालकों को भविष्य में इसे अनिवार्य रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही अभियान के दौरान यात्री बसों एवं एआईटीपी (ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट) बसों की सघन जांच भी की गई। जांच में वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स, ओवरलोडिंग एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
एआरटीओ (प्रशासन) द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनजागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने वाहन चालकों एवं यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के लिए सीट बेल्ट, हेलमेट, निर्धारित गति सीमा, लेन अनुशासन एवं यातायात संकेतों का पालन करने के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पर्चे वितरित किए गए, ताकि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
परिवहन विभाग का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना।

No comments: