Feb 27, 2026

कैसरगंज सांसद आवास के बाहर तालाब में संदिग्ध अवस्था में उतराता मिला शव, मचा हड़कंप


गोण्डा। जनपद में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्नोहरपुर गांव के रजवनपुरवा निवासी एक युवक का शव कैसरगंज सांसद के आवास के बाहर स्थित तालाब में संदिग्ध अवस्था में उतराता मिला। मृतक की पहचान झगरू के रूप में हुई है, जो बीते तीन दिनों से लापता था। परिजनों के अनुसार झगरू तीन दिन पहले घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच शुक्रवार सुबह कैसरगंज सांसद करन भूषण सिंह के आवास के बाहर स्थित बड़े तालाब में एक शव दिखाई देने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
पहचान होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना नवाबगंज पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक के शराब का आदी होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह तालाब में गिर गया होगा। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। चूंकि शव सांसद आवास के बाहर स्थित तालाब में मिला है, इसलिए लोग घटना को लेकर विभिन्न कयास लगा रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

No comments: