Jul 7, 2025

नहीं रहे राजनीतिक चाणक्य अन्नू भैया


पूर्व मंत्री आनंद सिंह 'अन्नू भैया' नहीं रहे — लखनऊ आवास पर हुआ निधन


गोण्डा - उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बना चुके पूर्व मंत्री आनंद सिंह उर्फ अन्नू भैया (महराज) का रविवार देररात लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया। उनके निधन से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्होंने लंबे समय तक राजनीति और समाज सेवा में सक्रिय योगदान किया। आनंद सिंह (मनकापुर कोट) जो आम जनमानस में 'अन्नू भैया' या 'महराज' के नाम से प्रसिद्ध थे, का जन्म गोंडा जिले के प्रतिष्ठित और जागरूक राजनीतिक परिवार में हुआ था। वे प्रारंभ से ही समाज सेवा और जनहित के कार्यों में रुचि रखते थे। उनके अंदर नेतृत्व की क्षमता युवावस्था में ही झलकने लगी थी।

 कुंवर आनंद सिंह उर्फ अन्नू भैया का राजनीतिक करियर


अन्नू भैया ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रवेश कर तत्कालीन दौर में समाजवाद और जनसेवा को प्राथमिकता दी। कांग्रेस के टिकट पर गोण्डा से वह कई बार सांसद चुने गए, अन्नू भैया गांधी परिवार के अति करीबी माने जाते थे। बाद में वह गौरा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक बने औरमुलायम सिंह सरकार में सरकार में कैबिनेट मंत्री रह बने । राजनीति के कुशल रणनीतिकार रहे अन्नू भैया अपने क्षेत्र की जनता के बीच बेहद लोकप्रिय रहे अन्नू भैया ने मनकापुर विधानसभा क्षेत्र का विकास कराने में अहम भूमिका निभाई। मनकापुर आईटीआई उनके कार्यकाल की देन है।  शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों और किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू हुईं। वे न केवल एक राजनीतिज्ञ, बल्कि एक सज्जन, सहज और सामाजिक नेता के रूप में पहचाने जाते थे।

रविवार देर रात लखनऊ स्थित उनके आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही यह समाचार फैला, गोंडा समेत आस-पास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। जनमानस उन्हें एक विनम्र, कर्मठ और समर्पित जननेता के रूप में सदैव याद रखेगा।

No comments: