Dec 10, 2022

बस्ती में जीएसटी की छापेमारी का व्यापारियों ने किया विरोध

बस्ती । में जीएसटी की छापेमारी के विरोध में व्‍यापारी अब खुलकर मुखर होने लगे हैं। वाणिज्‍य कर की टीम की छापेमारी से व्‍यापारियों में दहशत है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर विरोध दर्ज करा रहे हैं।   

     आज   शनिवार को व्यापारियों ने बस्ती उद्योग व्यापार प्रतिनिधिं मंडल जिला महामंत्री सूर्यकुमार शुक्ल के नेतृत्‍व में काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। पुरानी बस्ती क्षेत्र के पाण्डेय बाजार से प्रशासन व सरकार विरोधी नारे लगाते हुए लोग डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां किसी जिम्‍मेदार अधिकारी के न मिलने पर बरामदे में बैठकर विरोध दर्ज कराया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने व्‍यापारियों से ज्ञापन लिया। कहा कि ज्ञापन शासन को भेजा जा रहा है, व्‍यापारी भयमुक्त होकर अपनी दुकान खोलें।   

भाजपा और सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
कलेक्‍ट्रेट पर प्रदर्शन और ज्ञापन सौपने के बाद व्‍यापारियों का हुजुम भाजपा कार्यालय पहुंचा। यहां भाजपा और सरकार के खिलाफ व्‍यापारियों ने जमकर नारेबाजी की। मांगों से सम्‍बन्धित सीएम को सम्‍बोधित ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष को सौपा। भाजपा जिलाध्‍यक्ष महेश शुक्‍ल ने व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से सुना और शासन स्तर पर इसे पहुंचाकर समाधान का भरोसा दिलाया। नाराज व्यापारियों ने कहा कि ताबड़तोड़ छापेमारी से व्यापार चौपट हो रहा हैं। जांच की प्रक्रिया आपसी सौहार्द और समन्वय के वातावरण में होनी चाहिए। भय फैलाकर प्रतिष्ठानों की जांच करने पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।   

ये लोग रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान धर्मेन्द्र चौरसिया, सुनील कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश चौधरी, राजेश तिवारी, मो. आलम, आशुतोष पाण्डेय, रियाज अहमद, विकास बरनवाल, डॉ. अश्वनी गुप्ता, आशीष उर्फ कल्लू बाबा, प्रमोद गुप्ता, मोहित सोनकर, सतीश सोनकर, डबलू सेनकर, संतोष निषाद, संजय अग्रहरि, अदालत प्रसाद, अरविन्द चौधरी, प्रमोद गुप्ता, सरदार डेजी, अजय चौरसिया, ऋषभ गुप्ता, अमरनाथ चौरसिया, संतोष गुप्ता व अन्‍य मौजूद रहे।   


          रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट        

No comments: