Breaking





Oct 13, 2022

मुख्यमंत्री ने बस्ती में बाढ़ क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया, बोले- डबल इंजन सरकार आपके साथ, कहीं हाथ फैलाने की आवश्यकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बाढ़ आपदा की इस घड़ी में केंद्र व राज्य सरकार पीड़ित जन के साथ खड़ी है। प्रत्येक पीड़ित को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जनहानि से लेकर फसलों और पशु हानि तक के लिए सरकार भरपाई कर रही है। डबल इंजन सरकार के साथ रहते किसी भी स्थिति में जनता को कहीं हाथ फैलाने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री आज गुरुवार को बस्ती जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद हर्रैया तहसील के हेंगापुर में सर्वोदय इंटर कालेज परिसर में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरित कर रहे थे।  

             बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने उनका कुशलक्षेम पूछा और आश्वस्त किया कि हर पल सरकार उनके साथ है। किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि अगले एक-दो दिन तक गांव में पानी भरा रहने की स्थिति हो सकती है लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे पानी उतरता जाएगा। इस बीच प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि पर्याप्त संख्या में नावों व स्टीमरों को लगाकर दो से तीन दिन के भीतर राहत सामग्री हर पीड़ित तक पहुंचाने के साथ उनकी हरसंभव मदद की जाए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि आपदा के इस सरकार उनके साथ हर पल खड़ी है और उनकी हरसंभव सहायता करने के लिए कृत संकल्पित है।   

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार बाढ़ आपदा से हुई हर प्रकार की क्षति पर मुआवजा देगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ के चलते जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान या मकान बनवाने के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश प्रशासन को दिया गया है। जिला प्रशासन को पर्याप्त और राहत पैकेट उपलब्ध कराया जा चुका है, इसकी पहले से ही सरकार ने तैयारी कर रखा था।   

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य से यदि जनहानि होती है तो पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तथा किसी का अंग भंग होने पर 2.50 लाख रुपए तक की अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। फसलों को हुए नुकसान की दशा में तत्काल सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है ताकि अन्नदाता किसानों के खातों में मुआवजे की धनराशि उपलब्ध कराकर नुकसान की भरपाई की जाए। गाय, भैंस, भेड़, बकरी आदि पशु हानि की दशा में भी सरकार पशुपालकों को सहायता राशि उपलब्ध कराएगी। प्रति दिन के हिसाब से चार किलो पशु चारा प्रत्येक पशु लिए देने का निर्देश पशुपालन विभाग को दिया गया है।   

           रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: