Breaking





Oct 12, 2022

बस्ती पहुंचे बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह:बाढ़ प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण, पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की

प्रदेश के सिंचाई एवं जल संसाधन बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज बुधवार को हर्रैया तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। गांव सुविका बाबू, बंजरिया सूबी, विशुनदासपुर में जाकर भ्रमण कर ग्रामीणों से बातचीत की।   

         स्वतंत्र देव सिंह कटरिया बंधे से मोटर बोट द्वारा सुविकाबाबू गांव में पहुंचे। 22 परिवारों में राहत सामाग्री का वितरण किया। दुबौलिया ब्लॉक के पंचायत बंजरिया सूबी पंचायत भवन पर विसुनदासपुर के 36 परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया। जिसमें भुना चना, गुड़, बिस्किट, माचिस, मोमबत्ती, 2-2 नहाने का साबुन, 5 किलो लाई तथा 10 किलो आलू शामिल हैं। मंत्री ने लोगों का हालचाल जाना। अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।  उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया कि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए बाढ़ शरणालय में निवास करें। बाढ़ प्रभावित लोगों को बाढ़ शरणालय, चिकित्सा सुविधा, पशुओं का इलाज, स्वच्छ पेयजल, साफ सफाई, ब्लीचिंग पाउडर एवं मैलाथियान का छिड़काव आदि कराने का निर्देश दिया।   

सहायक अभियंता बाढ़ जितेंद्र कुमार ने बताया कि नदी का जलस्तर वर्तमान में 88.86 सेमी. है। बंधे की निगरानी के लिए विभाग के 14 जेई तैनात किए गए हैं, जो नियमित रूप से यहां रहकर बाढ़ की सुरक्षा कार्य कर रहे हैं। इस दौरान बिसुनदासपुर, कटरिया चांदपुर में मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। डॉ. आरके शुक्ला, डॉ. इंद्रेश कुमार चौधरी आदि ने लगभग 150 लोगों को सर्दी, जुकाम, बुखार, खाज खुजली, जोड़ों एवं कमर दर्द, फोड़ा फुंसी की दवाएं वितरित की। इस दौरान सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक अजय सिंह, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी आशीष श्रीवास्तव, सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम कमलेश चंद्र, प्रमुख अभियंता एनसी उपाध्याय आदि अधिकारी मौजूद रहे।  

         रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: