Oct 22, 2022

जिला पंचायत अध्यक्ष व डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों को वितरण किया राशन किट,त्योहार की दी बधाई


बहराइच तहसील नानपारा अन्तर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम बितनिया, जरबदिया, व बौण्डी गिरदा के 2750 पात्र बाढ़ प्रभावित लोगों को कृषि उत्पादन मण्डी समिति नानपारा के परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने ब्लाक प्रमुख शिवपुर व बलहा के प्रतिनिधियों व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में राशन किट का वितरण किया गया। इसी प्रकार जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने तहसील कैसरगंज में बाढ़ प्रभावित ग्राम गोड़हिया नं.-1 व बदरौली के बाढ़ प्रभावित लोगों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खाद्य सामग्री किट का वितरण किया। वितरण के अवसर पर आये हुए बाढ़ प्रभावित लोगों से भेंट कर उन्हें धनतेरस व दीपावली की हार्दिक बधायी दी। 

इस अवसर पर डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को हर सम्भव सहायता प्रदान की जाय। बाढ़ से पीड़ित लोगों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई न हो। डीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। बाढ़ के कारण फसलों की हुई क्षति के आकलन का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। शीघ्र ही किसानों को फसल क्षति के प्रतिपूर्ति का भुगतान भी कर दिया जायेगा। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश के क्रम में जनपद के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को राशन किट का वितरण किया जा रहा है। जनपद की बाढ़ प्रभावित चार तहसीलों मिहींपुरवा(मोतीपुर), नानपारा, महसी व कैसरगंज के लगभग 80 प्रतिशत लोगों को राशन किट का वितरण कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि धनतेरस के दिन भी प्रभावित लोगों को राशन किट का वितरण किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में बाढ़ प्रभावित लोगों के जीवन में किसी प्रकार की समस्या न आने पाये उनके जीवन में जितनी भी कठिनाई है उसको दूर किया जायेगा। जिलाधिकारी डॉ चन्द्र ने सभी जनपद वासियों को दीपावली की बधाई भी दी।

ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः


No comments: