Sep 7, 2022

बस्ती में चौकी इंचार्ज की पत्नी और बेटे की लाश फंदे से लटकती मिली

बस्ती कोतवाली थाना अंतर्गत सिविल लाइन चौकी इंचार्ज रिजवान अली की पत्नी और बच्चे की लाश मंगलवार की देर रात घर में फंदे से लटकती मिली। इससे सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में पूरा पुलिस महकमा घटनास्थल पर पहुंच गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस तहकीकात में जुटी है।  

       सिविल लाइन चौकी इंचार्ज (कंपनी बाग) एसआई रिजवान अली का परिवार कोतवाली थानांतर्गत खौरहवा मोहल्ले में एक साल से किराए पर रहता था। रिजवान अली की पत्नी रहीशा (32) और बेटे शोएब (10) के साथ भाई इरफान भी परिवार के साथ ही रहता है। भाई इरफान प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। मंगलवार की रात करीब नौ बजे कोचिंग के बाद इरफान घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने और काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा न खुलने पर उसने रोशनदान से अंदर झांका तो वह अंदर तक सिहर उठा। एक रोशनदान से बंधी नायलॉन की रस्सी के सहारे चौकी इंचार्ज की पत्नी रहीशा तो दूसरे रोशनदान पर बंधी रस्सी के फंदे से मासूम शोएब की लाश लटकी हुई थी। सूचना पर चौकी इंचार्ज रिजवान अली भागकर घर पहुंचे। कुछ ही देर में सीओ सदर आलोक प्रसाद और कोतवाल संजय प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों के शवों को नीचे उतारा गया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड भी मौके पर पहुंच गया। देर रात तक सबूत जुटाने का कार्य जारी रहा। 2017 बैच के एसआई रिजवान मूलतः श्रावस्ती जिले के रहने वाले हैं। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।      

        रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: