Breaking





Sep 16, 2022

अपने विवाद से ध्यान भटकाने को प्रदर्शन कर रही सपा : भूपेंद्र सिंह

बस्ती । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने लखनऊ में सपा के प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा घर की कलह, चाचा-भतीजे के विवाद और गठबंधन में हो रही टूट व बिखराव आदि से जनता का ध्यान हटाने को प्रदर्शन कर रही है। तीन दिन बाद शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में अपनी समस्या उठाकर विपक्षी दल के विधायक नियमों के तहत समाधान करा सकते हैं, लेकिन विधानसभा घेरने का नाटक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्ग, क्षेत्र, धर्म, जाति व प्रांत की पार्टी है। जनता में यह विश्वास है कि भाजपा की सरकार है तो सभी सुरक्षित हैं।   

        भाजपा प्रदेश अध्यक्ष गुरुवार को बस्ती में पं. अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में बस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। सपा-बसपा पर हमलावर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा लगातार जनता के बीच रहती है। अन्य पार्टियां बरसाती मेढक की तरह आती हैं और टर्र-टर्र कर चली जाती हैं। विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को लेकर जो विपरीत माहौल बनाया गया, उसे वहां की जनता ने झूठा साबित किया और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री में विश्वास जताते हुए सर्वाधिक सीटें दीं। जो भी आरोप लगते थे, वे गलत साबित हुए हैं। जनता में यह विश्वास है कि भाजपा की सरकार है तो जीवन सुरक्षित है। महिलाएं सुरक्षित हैं। माफिया पर कार्रवाई होगी।   

उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर हुआ है। पार्टी के विकास की गति को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि गुमराह गैंग एक फिर से सक्रिय है। उसके काकश को जनता के बीच जाकर तोड़ना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह समय सेवा का है। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से 2 अक्तूबर महात्मा गांधी के जन्मदिन तक पार्टी के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के माध्यम से कार्यकर्ता विभिन्न प्रकार के सेवा कार्य के लिए जनता के बीच रहेंगे। पहली बार पार्टी बेहतर कार्य करने वाले प्रकोष्ठ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी करेगी।    

             रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: