Breaking












Sep 16, 2022

संतकबीरनगर में डबल मर्डर के आरोपी की मुंडेरवा में मिली लाश

बस्ती। जिले के मुंडेरवा थानांतर्गत सिधौनी गांव के बाग में आम के पेड़ से गुरुवार की शाम संतकबीरनगर जिले में डबल मर्डर के आरोपी की लाश लटकती मिली। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक परमाशंकर यादव ने बताया कि शव चार-पांच दिन पुराना लग रहा है। कीड़े पड़ गए हैं। मृतक की शिनाख्त संतकबीरनगर कोतवाली के इमीलडीहा निवासी नन्दलाल के रूप में हुई है। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

बस्ती-संतकबीरनगर जिले के बार्डर पर स्थित संतकबीरनगर कोतवाली के इमलीडीहा निवासी नन्दलाल (50) पुत्र कल्लू अपने गांव में हुए डबल मर्डर का आरोपी था। संतकबीरनगर पुलिस ने डबल मर्डर का 14 सितंबर को खुलासा करते हुए मृतक नन्दलाल के बेटे अनुज को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी अनुज ने बताया था कि पिता नंदलाल का पड़ोसी गणेश से मनमुटाव रहता था। गणेश अक्सर मां को अपशब्द कहता रहता था। बार-बार मां की बेइज्जती उसे नागवार गुजरी थी। पिता के साथ मिलकर गणेश की हत्या की साजिश रची थी। इसमें उसके तीन अन्य दोस्त शामिल थे।   

        इमलीडीहा में 17 अगस्त की रात हुए डबल मर्डर में संतकबीरनगर जिले की कोतवाली पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही थी। बताया जा रहा है कि 10 सितंबर को हत्या में नन्दलाल व उसके बेटे का नाम सामने आने के बाद पुलिस इनकी तलाश में लगी थी। उस समय से नन्दलाल घर से गायब हो गया था। हत्या की साजिश रचने के आरोपी नन्दलाल का शव गुरुवार को बस्ती जिले के मुंडेरवा थानांतर्गत सिधौनी गांव के बाग में आम के पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे मृतक के बेटे मनोज व रामहित के साथ उसकी पत्नी ने शव की शिनाख्त की। पुलिस का कहना है कि जेल जाने के डर से नन्दलाल ने आत्महत्या की होगी।   

कोतवाली खलीलाबाद के ग्राम इमीलहीहा निवासी गणेश चौहान (45) पुत्र जंगली व उनका बेटा धर्मवीर  17 अगस्त 2022 की रात गांव के सिवान में स्थित अपने खेत में पानी चलाने के लिए गए हुए थे। पानी चलाने के बाद पिता-पुत्र खेत में ही मचान पर सो गए। रात में उनकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड में नन्दलाल साजिशकर्ता के रूप में नामजद हुआ था। जबकि उसके बेटा अनुज समेत चार अन्य पर हत्या को अंजाम देने का आरोप है। गुरुवार को आरोपी नन्दलाल का शव बस्ती के मुंडेरवा में पेड़ से लटकता मिला।     

                रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: