Jan 1, 2022

शिकायतों को समयबद्ध व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करें अधिकारी-विधायक सदर

गोण्डा - शनिवार को जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जनपद की चारों तहसीलों में हुआ। जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सदर में जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही की अध्यक्षता में हुआ जहां पर उन्होंने विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा तथा सीडीओ शशांक त्रिपाठी के साथ जन शिकायतें सुनीं तथा उनका निस्तारण किया।
      विधायक सदर ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन सामान्य की शिकायतों को जांच अधिकारी निष्पक्षता के साथ निपटाएं जिससे शिकायतों का सही व संतोषजनक निस्तारण हो सके। उन्होंने इस दौरान फरियाद लेकर आए हुए कई फरियादियों को सरकार की उपयोगी योजनाओं की जानकारी भी दी। 
    सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचते ही डीएम ने लंबित शिकायतों की समीक्षा की तथा लंबित सभी प्रकरणों को निस्तारित करने के आदेश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में ही डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को आदेशित किया कि वे स्थाई एवं अस्थाई गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण कर उनमें क्षमता के अनुरूप आवांरा गौवंशों को सुरक्षित कराएं। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी, एडीओ एजी तथा एडीओ पंचायतों को सख्त आदेश दिए कि गौ आश्रय स्थलों पर हर गोवंश के लिए जूट के बोरे की व्यवस्था हर हाल में कर ली जाय। इसके अलावा सरकार द्वारा कार्ड धारकों को मुफ्त राशन देने की योजना को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू कराने के निर्देश डीएसओ व सभी पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को दिए हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी को वहीं पर निर्देशित किया कि वे यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करें कि किसी भी किसान को धान बेचने में दिक्कत न हो तथा बिचौलियों के शामिल होने की कहीं से भी शिकायत आने पर तत्काल कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें।
       शिकायतों के निस्तारण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों पर सम्बन्धित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों की बातें सुनकर शिकायत का निस्तारण करें जिससे एक ही शिकायत बार-बार न आए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 164 शिकायतें प्राप्त हुईं जिसमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
    सम्पूर्ण समाधान में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, एसडीएम विनोद सिंह, सीओ सिटी लक्ष्मीकान्त गौतम, तहसीलदार राजीव मोहन सक्सेना, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रवीन्द्र सिंह राठौर, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व फरियादी उपस्थित रहे।

No comments: