गोंडा-विधानसभा निर्वाचन-2022 के प्रभारी अधिकारी यातायात/नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता ने वाहन स्वामियों, विद्यालयों के प्रबन्धकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि विधानसभा चुनाव में मतदान कार्मिकों को मतदान केन्द्र तक लाने - लेजाने के दृष्टिगत जिन वाहनों को अधिग्रहित किया है, वे उनके द्वारा भेजी गई नोटिस को प्राप्त कर लें तथा सुनिश्चित कराएं कि निर्वाचन के पूर्व उनके वाहन न सिर्फ दुरूस्त हो जाएं बल्कि वाहन चालकों का भी प्रबंध कर लिया जाय।
उन्होंने बताया कि कतिपय वाहन स्वामियों एवं विद्यालय प्रबन्धकों द्वारा नोटिस न प्राप्त करके तरह-तरह की बहानेबाजी की जा रही है, ऐसे सभी वाहन स्वामियों के वाहन की आरसी निरस्त करने की कार्यवाही शुरू की जा रही है तथा जिन विद्यालयों के प्रबन्धकों द्वारा नोटिस प्राप्त न करके बहानेबाजी की जा रही उनके विद्यालयों की मान्यता रद्द करने हेतु जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेशित कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन में मतदान कार्मिकों को मतदान केन्द्रों तक लाने व ले जाने के लिए 5200 वाहनों को अधिगृहीत किया गया है जिसके लिए थानों के माध्यमों से वाहन स्वामियों को नोटिस प्राप्त कराने की कार्यवाही तेजी से चल रही हैं। उन्होंने थानावार नोटिस वापस कर देने वाले वाहन स्वामियों की सूची मांगी है ताकि आरसी निरस्तीकरण के साथ ही वाहन को सीज करने व विद्यालयों की मान्यता रद्द करने की कार्यवाही कराई जा सके।
No comments:
Post a Comment