करनैलगंज/गोण्डा- स्थानीय तहसील अन्तर्गत धमरैया गाँव में सरकारी भूमि पर किये जा रहे अवैध निर्माण व मिट्टी पटाई की मिली शिकायत पर उपजिलाधिकारी द्वारा थानाध्यक्ष व राजस्व निरीक्षक को जांचकर अवैध निर्माण रोकवाने के निर्देश दिये गए हैं।
न्यायालय के तमाम निर्देशो व मनाही के बावजूद भी सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण व कब्जेदारी का खेल जारी है, कहीं तालाब पाटकर तो कहीं चारागाह कहीं ग्राम समाज तो कहीं चकमार्गो पर धड़ल्ले से अतिक्रमण किया जा रहा है, और इसकी शिकायतें अक्सर तहसील व थानों में आयोजित होने वाले समाधान व सम्पूर्ण समाधान दिवस में लोगो द्वारा आती रहती हैं। ऐसे मामलों में कई बार तो जांचकर्ताओ व जिम्मेदारों द्वारा सरकारी जमीनों चकमार्ग वगैरह को अवैध कब्जेदारों से मुक्त कराये वगैर ही फर्जी रिपोर्ट लगाकर अपने उच्चाधिकारियों को गुमराह कर दिया जाता है, जिससे जहाँ एक ओर सरकार की मंशा विफल होती है, वहीं दूसरी ओर समय से शिकायत का निस्तारण न होने पर गाँवों में विवाद की जड़े और मजबूत होती जा रही हैं।
कुछ इसी तरह का एक मामला धमरैया गाँव का सामने आया है, जिसमें गाँववासी अनिल कुमार पाण्डेय उर्फ बाबू पाण्डेय द्वारा उपज़िलाधिकारी करनैलगंज को शिकायती पत्र देकर गाँव के ही विनीत कुमार शुक्ला पुत्र जवाहरलाल व देवतादीन वर्मा पुत्र सूरजू प्रसाद पर जलमग्न भूमि व ग्रामीणों के आने- जाने हेतु छोड़े गये चकमार्ग पर मिट्टी पटाई व अवैध निर्माण का आरोप लगाकर कार्यवाही की माँग की गई है, एसडीएम से की गई शिकायत में सरकारी जमीन गाटा 126 जलमग्न, व गाटा सँ 127 चकमार्ग पर अवैध कब्जे का जिक्र किया गया है।
इतना ही नहीं उक्त सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे में हल्का लेखपाल की भूमिका संदिग्ध मानते हुये लेखपाल पर भी मिलीभगत का आरोप शिकायत कर्ता द्वारा लगाया गया है। मामले की गम्भीरता को देखते हुये उपजिलाधिकारी द्वारा थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज व क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक को मामले की जांच व सरकारी भूमि पर किये जा रहे अवैध निर्माण व मिट्टी पटाई कार्य को रुकवाने का निर्देश दिया गया है। अब देखना यह है कि, उक्त मामले में शिकायत कर्ता को न्याय दिलाने में एसडीएम का यह आदेश कब और कितना कारगर सावित होता है ।

No comments:
Post a Comment