पुलिस झण्डा दिवस पर पुलिस अधीक्षक बहराइच ने फहराया ध्वज, पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा का संकल्प
बहराइच। रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच में सोमवार, 23 नवम्बर 2026 को पुलिस झण्डा दिवस गरिमामय, उत्साहपूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव ने क्वार्टर गार्ड पर पुलिस ध्वज फहराया और ध्वज को सलामी दी। उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए सलामी दी।उत्तर प्रदेश पुलिस को 23 नवम्बर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में प्रतिवर्ष 23 नवम्बर को पुलिस झण्डा दिवस मनाया जाता है।-पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस ध्वज के ऐतिहासिक महत्व, उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपराओं तथा बल के साहस, अनुशासन एवं समर्पण की विरासत से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, न्याय एवं राष्ट्रहित के प्रति पुलिस की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।उन्होंने बताया कि यह दिवस पुलिस बल के शौर्य, पराक्रम, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्याग की याद दिलाता है। साथ ही यह प्रत्येक पुलिसकर्मी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा देता है।जनसेवा एवं जवाबदेह पुलिसिंग पर जोर-पुलिस अधीक्षक श्रीवास्तव ने सभी पुलिसकर्मियों से जनसेवा, कर्तव्यपरायणता, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सफलता का वास्तविक मापदंड जनता का विश्वास है। अतः प्रत्येक पुलिसकर्मी को आमजन के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष, जवाबदेह एवं व्यवहार कुशल रहना चाहिए।उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में अधिक सक्रियता बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस का प्रथम कर्तव्य है।
फ्लैग स्टिकर लगाकर दिखाया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस फ्लैग स्टिकर लगाकर पुलिस ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव एवं निष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। इस अवसर पर सभी पुलिसकर्मियों ने पुलिस ध्वज के प्रति सलामी देकर अपनी प्रतिबद्धता दर्ज की।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस झण्डा दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों के साहस, बलिदान एवं सेवाभाव को याद करने तथा भविष्य के दायित्वों को और अधिक गंभीरता से निभाने का संकल्प दिवस है।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर श्री नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज श्री डी0के0 श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी महसी श्री पवन कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री राज सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था के अनुरक्षण, ईमानदारी, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास एवं सेवा भावना को याद किया गया।



No comments:
Post a Comment